Breaking News

जवाद चक्रवात के चलते रेलवे ने की ३ और ४ दिसंबर को करीब सौ ट्रेनें रद्द

जवाद चक्रवात के चलते रेलवे ने की ३ और ४ दिसंबर को करीब सौ ट्रेनें रद्द

मुंबई। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में चक्रवाती तूफान जवाद का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार सुबह तक आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटवर्ती इलाकों में चक्रवाती तूफान जवाद दस्तक दे सकता है। इस बीच मौसम विभाग ने तीन दिसंबर से ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण ओडिशा के जिलों में भी तीन दिसंबर को भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि इस तूफान की वजह से सड़कों पर जलजमाव की स्थिति पैदा हो सकती है, सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है और कच्ची सड़कों को नुकसान भी पहुंच सकता है। लोगों को बेवजह घर से निकलने से परहेज करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा जवाद तूफान के खतरे को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में चक्रवात से संबंधित स्थिति पर एक बैठक की अध्यक्षता की।
गौरतलब हो कि भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र तेज होगा और ३ दिसंबर के आसपास यह एक चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा। मौसम विभाग ने बताया कि यह चक्रवात उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और ४ दिसंबर की सुबह को इसके उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों तक पहुंचने का अनुमान है। यह तय है कि चक्रवाती तूफान ओडिशा तट के पास पहुंचेगा। हालांकि यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि इसका कहर कहां टूटेगा। यह जरूर कहा जा सकता है कि इसके असर से ओडिशा के कई तटीय जिलों में ३ दिसंबर से हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं दक्षिण ओडिशा के जिलों में भी ३ दिसंबर को भारी बारिश हो सकती है। दूसरी तरफ चक्रवात के खतरों को देखते हुए, ईस्ट कोस्ट रेलवे ने ९५ ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है। ईस्ट कोस्ट रेलवे ने एक ट्वीट में बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवात 'जवाद' ३ से ४ दिसंबर को ओडिशा से टकरा सकता है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए विभिन्न जगहों से चलने वाली और ईस्ट कोस्ट रेलवे जोन से गुजरने वाली और यहां से शुरू होने वाली ९५ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।


Most Popular News of this Week