Breaking News

2 एकड़ में तरबूज की खेती कर मालामाल हुआ किसान

2 एकड़ में तरबूज की खेती कर मालामाल हुआ किसान

पालघर परंपरागत खेती में घटते मुनाफे ने किसानों का रुख कृषि विविधीकरण की ओर कर दिया है। हाईटेक तकनीक से की गई तरबूज की खेती ने पालघर के एक किसान को मालामाल कर दिया है। विक्रमगढ़ के निचोला गांव के किसान सतीश पश्ते ने 70 दिन पहले दो एकड़ जमीन में 7,000 तरबूज के पौधे रोपे हैं। बेमौसम बारिश का असर तरबूज की फसल पर भी पड़ा है। लेकिन उन्होंने हिम्मत नही हारी और अपनी मेहनत औऱ लगन से फसल को बचा लिया।और अब उन्हें लगभग पांच से साढ़े पांच लाख के तरबूज की फसल मिलेगी।

सतीश पश्ते ने मल्चिंग पेपर के साथ ड्रिप की मदद से दो एकड़ जमीन में 7000 तरबूज के पौधे रोपे हैं। इससे उनकी फसल में मजदूरी भी कम आती है। इन तरबूज के 7,000 पौधों में से आधे पौधे सुगर क्वीन तरबूज और आधे अगस्ती तरबूज के हैं।
पिछले साल बड़े पैमाने पर तरबूज की खेती होने से पिछले साल तरबूज का भाव करीब 6 से 7 रुपये प्रति किलो था।  हालांकि, इस साल खराब मौसम और बेमौसम बारिश के साथ-साथ पिछले साल कीमतों में कमी के कारण कई किसानों ने तरबूज की खेती से मुंह मोड़ लिया।  हालांकि, सतीश पश्ते ने पिछले साल नुकसान के बावजूद इस साल तरबूज की खेती करने की हिम्मत दिखाई और इस साल उन्हें 17 रुपये प्रति किलो तक भाव मिल रहा है। तरबूज की खेती पर किसान ने अब तक करीब डेढ़ लाख से ढाई लाख रुपये खर्च किये हैं। किसान को दो एकड़ में 70 दिन की फसल में 3 लाख का फायदा होगा।

किसान सतीश पश्ते ने कहा कि इस साल तरबूज की खेती तैयार है। 17 रुपये प्रति किलो का भाव मिल रहा है। इसलिए यह साल काफी अच्छा रहने वाला है।


Most Popular News of this Week