
सांप के साथ जानलेवा खिलवाड़ का युवक का वीडियो वायरल
सांप के साथ जानलेवा खिलवाड़ का युवक का वीडियो वायरल
पालघर | पालघर में सोशल मीडिया पर एक जिंदा सांप के साथ बर्बरता का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। जिसे देखकर लोग सवाल पूछ रहे है,कि कोई इतना बेरहम कैसे हो सकता है। वायरल वीडियो पालघर के एक युवक का बताया जा रहा है सोशल मीडिया पर ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि एक युवक जिंदा सांप का मुंह और पूंछ पकड़कर उससे रस्सी कूद खेल रहा है। इस दौरान सांप युवक के पैर के नीचे भी आ जाता है, जिससे सांप को जरूर असहनीय दर्द का सामना करना पड़ा होगा। इन सब के बावजूद उस लड़के और वीडियो बना रहे शख्स पर कोई असर नहीं पड़ता और वो हंसते रहते हैं। वायरल वीडियो में शख्स ने जिंदा सांप के साथ वो किया जो शायद कोई मृत सांप के साथ भी करने की हिम्मत न करता। वीडियो में कई बार लड़का सांप को रस्सी की तरह इस्तेमाल कर उसके ऊपर से कूदता है। वीडियो सामने आने के बाद अब लोग इस पर भड़क गए हैं। सोशल मीडिया पर लोग सांप के जानलेवा खेल, खेल रहे लड़के की कड़ी आलोचना कर रहे हैं, साथ ही साथ उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद अब उस लड़के की तलाश की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लड़के की भाषा से लोग उसे पालघर इलाके का सर्पमित्र बता रहे हैं, हालांकि उसने सांप के साथ जो हरकत की उसे कतई नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
हाल ही में सांप का एक और हैरान करने वाला वीडियो काफी वायरल हुआ था। इसमें एक नाग खुद को ही निगलने की कोशिश कर रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि स्नेक कैचर द्वारा पकड़ा गया एक सांप खुद को ही काट रहा है। ऐसा लगता है कि मानों वो खुद को ही निगलने की कोशिश कर रहा है। वीडियो को लोग काफी पसंद कर रहे हैं लेकिन सांप की इस हरकत के पीछे की वजह भी पूछ रहे हैं। कुछ यूजर्स ने कहा कि पकड़े जाने का गुस्सा सांप खुद पर निकाल रहा है।