
बाइक के स्टिकर से रेप के आरोपी को क्राइम ब्रांच ने किया गिरफ्तार
बाइक के स्टिकर से रेप के आरोपी को क्राइम ब्रांच ने किया गिरफ्तार
वसई में मानसिक रूप से विक्षिप्त नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के मामले की जांच कर आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस आयुक्त ने अपराध शाखा-3 के दस्ते को सम्मानित किया है। क्राइम ब्रांच की टीम ने बिना किसी लिंक के दोपहिया वाहन पर लगे स्टिकर से आरोपी का पता लगाया। ज्ञात हो कि वसई के पूर्व में रहने वाली मानसिक रूप से विक्षिप्त 16 वर्षीय एक लड़की के साथ हाल ही में एक आरोपी ने बलात्कार किया था। मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस आयुक्त सदानंद दाते ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच-3 के दस्ते को सौंप दी थी। पीड़िता ने पुलिस को सिर्फ इस बात की जानकारी दी थी कि एक शख्स उसे दोपहिया वाहन पर बिठाकर ले गया था। लेकिन घटना स्थल पता नहीं चला। ऐसे में पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने सीसीटीवी चेक किया तो देखा कि आरोपी लड़की को दोपहिया वाहन पर ले जा रहा है। सीसीटीवी में उसकी बाइक का नंबर नहीं दिख रहा था। हालांकि बाइक पर लाल रंग का स्टीकर लगा हुआ था। इस लिंक से पुलिस ने इलाके की तलाशी ली तो उसमें लाल रंग के स्टीकर वाली बाइक मिली। गहन छानबीन के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी उसी इलाके में रहता है जहां पीड़िता रहती है। अपराध शाखा -3 के मुख्य पुलिस निरीक्षक प्रमोद बडाख ने कहा कि उसने लड़की की अज्ञानता का फायदा उठाया और उसे दोपहिया वाहन पर क्षेत्र में एक सुनसान जगह पर ले गया और उससे दुष्कर्म किया। पुलिस आयुक्त सदानंद दाते ने जटिल व संवेदनशील मामले की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच-3 की टीम को सम्मानित किया है।